
स्व. खुमान साव की पुण्यतिथि पर लोकसंगीत और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन,लोक कलाकारों के सम्मान के साथ रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का भी होगा आयोजन
जामगांव आर। छत्तीसगढ़ के लोकसंगीत जगत के महान पुरोधा एवं संगीत सम्राट स्वर्गीय खुमान साव की पुण्यतिथि पर आज ग्राम किकिरमेटा (बेलहरी) में आयोजित होने वाले भव्य “सुरता खुमान साव एवं सम्मान समारोह” को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में लोककला, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल आज शाम 7 बजे समारोह स्थल पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर आयोजकों और ग्रामीणों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। सांसद विजय बघेल स्व. खुमान साव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर सम्मान समारोह में शामिल होंगे तथा लोककला और संस्कृति के संरक्षण को लेकर अपने विचार भी व्यक्त करेंगे। स्व. खुमान साव संगीत सेवा समिति भिलाई एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों, संगीत साधकों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान खुमान साव संगीत सम्मान, खुमान संगीत साधक सम्मान, खुमान संगीत स्मृति सम्मान, स्व. लता खापड़े स्मृति सम्मान, स्व. सफीन दास मानिकपुरी स्मृति सम्मान तथा सामाजिक समरसता सम्मान प्रदान किए जाएंगे।