रिसाली। छत्तीसगढ़ी सियान सेवा समिति का वार्षिक आमसभा एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह शनिवार को नवनिर्मित सियान सामुदायिक भवन, रिसाली में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दुर्ग सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि “सियान के बिना ध्यान नहीं होता। समाज को दिशा देने में वरिष्ठजनों की भूमिका अतुलनीय है। आपके द्वारा सेवा का जो अवसर मुझे मिला है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास कर रहा हूँ।” उन्होंने समिति द्वारा वरिष्ठजनों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ी सियान सेवा समिति के अध्यक्ष चन्दूलाल मरकाम ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। अतिविशिष्ट अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य धरोहर है। “सियानों का आशीर्वाद ही सबसे बड़ा प्रेम और शक्ति है,” उन्होंने कहा।
सभा में समिति के महासचिव गेंदलाल वर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं कोषाध्यक्ष डी.के. कश्यप ने वार्षिक आय–व्यय एवं मांग पत्र का वाचन किया। इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, सभापति रिसाली केशव बन्छोर, पार्षद धर्मेन्द्र भगत, डॉ. सीमा साहू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य लालचंद जैन (नेशनल अध्यक्ष), बी.एस. वर्मा (संरक्षक), मेघनाथ यादव, रामसेवक वर्मा, घनश्याम देशमुख, डोमार देशमुख, विशंभर साहू, बालसखा वर्मा, भागीरथी वर्मा, विष्णु देशमुख, ईश्वरी वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सियान समिति के 75 वर्ष पूर्ण कर चुके वरिष्ठ सदस्यों चेंनदास चंद्रवशी, धन्ना लाल साहू, उदय राम वर्मा, भुवन लाल बर्मा सहित कुल बारह सदस्यों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के महासचिव गेंदलाल वर्मा ने किया।