पाटन। मितानिन दिवस के अवसर पर नगर पंचायत पाटन परिसर में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले की अध्यक्षता में मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने नगर की मितानिन बहनों को सम्मानित कर उनके सेवाभाव, समर्पण और जनकल्याण के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि मितानिन बहनें दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ समाज की सेवा में जुटी रहती हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और आम नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विषम परिस्थितियों में भी उनकी तत्परता और सेवाभाव सराहनीय है। स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। ऐसे समर्पित सेवाभाव का सम्मान करना हम सभी के लिए गौरव का विषय है।
इन्हें किया गया सम्मानित
समारोह में अनिता सोनी, मोती ढीमर, जानकी देवांगन, चित्ररेखा पटेल, आरती छेदैया, कमलेश्वरी वर्मा, कामिनी धुरंधर, कामिनी ठाकुर, मोंगरा यादव, कीर्ति वर्मा एवं सुमित्रा खुराना सहित नगर की मितानिन बहनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, जितेंद्र निर्मलकर, नेहा वर्मा एवं देवेंद्र ठाकुर, पार्षद संगीता धुरंधर, अन्नपूर्णा पटेल, चंद्रप्रकाश देवांगन, एल्डरमैन दामोदर चक्रधारी, प्रकाश बिजोरा, गंगा प्रसाद देवांगन, बाबा वर्मा, चिरंजीव देवांगन सहित मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।