रायपुर | अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) की कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू) इकाई की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को एनआईटी स्थित Indian Coffee House में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी योजनाओं और पत्रकारिता शिक्षा को सशक्त बनाने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पत्रकारिता शिक्षण और शोध से जुड़े विद्वानों को व्यापक रूप से महासंघ से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। साथ ही हर पखवाड़े संगोष्ठी और मिलन कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों और शोधकर्ताओं के बीच संवाद को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
प्रांत संयोजक प्रो. आरडी शर्मा ने बताया कि महासंघ देशभर में शिक्षा और शिक्षकों के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और इससे 15 लाख से अधिक शिक्षक जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में संगठन की इकाइयों का गठन हो चुका है और केटीयू इकाई भी पत्रकारिता शिक्षा व शोध के बेहतर वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इकाई अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय और उससे जुड़े कॉलेजों के पत्रकारिता शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं को संगठन से जोड़ना प्राथमिक लक्ष्य है। सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जुलाई माह में “एआई और मीडिया” विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ भाग लेंगे और बदलते मीडिया परिदृश्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान महासंघ का वार्षिक कैलेंडर पदाधिकारियों और सदस्यों को वितरित किया गया। अंत में उपाध्यक्ष डॉ. आकांक्षा दुबे ने आभार व्यक्त किया। बैठक में डॉ. अनामिका शर्मा, डॉ. कपिल प्रजापति, डॉ. प्रज्ञा गुप्ता और चंद्रशेखर शिवहरे सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।