जामगांव आर महाविद्यालय में विविध प्रतियोगिताओं के साथ मनाया गया राष्ट्रीय हिन्दी दिवस

जामगांव आर महाविद्यालय में विविध प्रतियोगिताओं के साथ मनाया गया राष्ट्रीय हिन्दी दिवस

हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान : प्राचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर, भर्र में हिन्दी विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ राष्ट्रीय हिन्दी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन हिन्दी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. लता मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कविता, भाषण, रंगोली, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों की पहचान होती है। हिन्दी हमारे दिलों को जोड़ने वाली भाषा है। जिस प्रकार फूलों के बिना माला अधूरी होती है, उसी प्रकार विविध भाषाओं और संस्कृतियों वाले भारत में हिन्दी सबको एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है।

डॉ. लता मार्कण्डेय ने हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके अधिकाधिक प्रयोग तथा विश्व स्तर पर हिन्दी के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई। प्राणिशास्त्र के प्राध्यापक मनीष कुमार साहू ने कहा कि आधुनिक युग में अन्य भाषाओं का ज्ञान अर्जित करना आवश्यक है, लेकिन अपनी मातृभाषा हिन्दी के सम्मान और प्रयोग को कभी नहीं भूलना चाहिए। हिन्दी हमारी शान और पहचान है। भौतिकशास्त्र के प्राध्यापक मेजाराम जोशी ने कहा कि हिन्दी देश में व्यापक रूप से बोली और समझी जाने वाली भाषा है। यह केवल मातृभाषा और राजभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता और गौरव का प्रतीक भी है। इतिहास के प्राध्यापक प्रियम वैष्णव ने कहा कि हिन्दी का भारत की सभ्यता और संस्कृति में सदैव महत्वपूर्ण स्थान रहा है। हिन्दी साहित्य, कला और ज्ञान के क्षेत्र में भी समृद्ध विरासत रखती है।

प्रतियोगिताओं में कविता में बीए तृतीय सेमेस्टर की निहारिका प्रथम तथा बीएससी तृतीय सेमेस्टर की रश्मि यादव द्वितीय रहीं। रंगोली में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की रश्मि यादव प्रथम और बीएससी तृतीय सेमेस्टर की शालिनी द्वितीय रहीं। निबंध में बीए पंचम सेमेस्टर के सत्यम सोनी प्रथम तथा बीए तृतीय सेमेस्टर की प्रेरणा द्वितीय स्थान पर रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में निहारिका प्रथम तथा शालिनी नेताम द्वितीय रहीं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों प्रेमलता, ऐश्वर्या, सुमन, प्रेरणा, कामिनी, दिव्या एवं दिशा का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *