नवागांव बी का राहुल साहू अग्निवीर में चयनित, देश सेवा के लिए रवाना होते समय ग्रामीणों ने दी भव्य विदाई

नवागांव बी का राहुल साहू अग्निवीर में चयनित, देश सेवा के लिए रवाना होते समय ग्रामीणों ने दी भव्य विदाई

‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंजा गांव, परिजनों की आंखें हुईं नम; जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किया सम्मान

जामगांव आर। ग्राम नवागांव बी के युवा राहुल साहू का भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के तहत चयन होने पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। देश सेवा के लिए ट्रेनिंग पर रवाना होने से पहले ग्रामीणों ने राहुल को भव्य और भावभीनी विदाई दी। यह अवसर किसी उत्सव से कम नहीं था। बैंड-बाजे, फूल-मालाओं और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों के बीच पूरे गांव ने अपने होनहार बेटे का सम्मान किया। विदाई समारोह के दौरान राहुल साहू के पिता नरोत्तम साहू और माता पार्वती साहू की आंखें गर्व और खुशी से नम हो गईं। पिता ने भावुक होकर कहा, “आज मेरा बेटा सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे देश का बेटा बन गया है। मुझे गर्व है कि वह देश की सीमाओं की रक्षा में अपना योगदान देगा।” परिजनों ने राहुल को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर विदा किया।

ट्रेनिंग के लिए रवाना होते समय राहुल साहू ने कहा कि भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना उनका बचपन का सपना था, जिसे पूरा करने का अवसर मिला है। उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ मातृभूमि की सेवा करने का संकल्प दोहराया। गांव के बुजुर्गों और गणमान्य नागरिकों ने राहुल की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर नारद साहू (सभापति प्रतिनिधि, जिला पंचायत दुर्ग), लालेश्वर साहू (अध्यक्ष, तहसील साहू संघ पाटन), टेसराम साहू (अध्यक्ष, परी साहू समाज बेल्हारी), कविता साहू, छगनलाल साहू (उपसरपंच), महेश साहू (ग्रामीण अध्यक्ष), अभिषेक सेन (उपाध्यक्ष, भाजयुमो जामगांव आर मंडल), सोमसिंह साहू, महेश मेश्राम, दाऊलाल साहू, कान्हा साहू, भीषम साहू (रोजगार सहायक), प्रहलाद साहू, जितेंद्र खापर्डे, यशोदा साहू, तुषांत टंडन, भेमराज साहू, झामन कुमार, दिलीप नेताम, चंदन महलवार, गजेंद्र साहू, घनश्याम साहू, रिंकू, उमेश, पंकज, मनीष कुमार, वासु, हिमांशु, प्रवीण, ऐनु, रूपेंद्र, टीकम साहू, कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, मित्र और परिजन उपस्थित रहे। सभी ने राहुल साहू को सफल प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *