2027 से होगी देशव्यापी जनगणना, पहली बार जाति गणना भी शामिल ; केंद्र ने दी बड़ी जानकारी

YC न्यूज़ डेस्क -देश में जनगणना और जाति गणना को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। केंद्र ने जानकारी दी है कि भारत में अगली जनगणना 1 मार्च 2027 से शुरू होगी और यह दो चरणों में पूरी की जाएगी। इस जनगणना में पहली बार जाति आधारित आंकड़े भी एकत्र किए जाएंगे, जिससे देश में विभिन्न सामाजिक वर्गों की सटीक स्थिति और उनकी आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलेगी।

इस ऐतिहासिक कदम के तहत हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और केंद्र शासित प्रदेशों (जैसे लद्दाख और जम्मू-कश्मीर) में जनगणना प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से प्रारंभ कर दी जाएगी, जबकि अन्य राज्यों में यह मार्च 2027 से शुरू होगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे, जिसमें इस बार नाम, उम्र, लिंग, शिक्षा और पेशे के साथ-साथ व्यक्ति की जाति की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इससे पहली बार देश को व्यापक जातिगत डाटाबेस मिलेगा, जो नीति निर्माण और सामाजिक कल्याण योजनाओं में अहम भूमिका निभाएगा।

गौरतलब है कि भारत में आखिरी बार जनगणना 2011 में हुई थी, जिसमें देश की आबादी 121 करोड़ से अधिक दर्ज की गई थी। 2021 में प्रस्तावित जनगणना कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित हो गई थी। अब केंद्र सरकार जनगणना चक्र को फिर से व्यवस्थित करने की तैयारी में है।

इस नई घोषणा के साथ ही केंद्र सरकार ने जाति आधारित आंकड़ों को सार्वजनिक जीवन और योजनाओं में अधिक महत्व देने की दिशा में स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। आने वाले समय में इससे सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ठोस पहल की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *