
36 पोर्ट कोलिहापुरी में आयोजित समारोह में ग्रामीण विकास और जनसेवा में पंचायत सचिवों की भूमिका को बताया लोकतंत्र की मजबूत कड़ी
दुर्ग। ग्राम पंचायत सचिव संगठन के तत्वावधान में 36 पोर्ट कोलिहापुरी में “पंचायत सचिव पदस्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पंचायत सचिवों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में जिलेभर के पंचायत सचिवों के साथ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल तथा विशिष्ट अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर रहे। सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत सचिव लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। गांवों के विकास, शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेवानिवृत्त सचिवों के लंबे सेवाकाल और समर्पण की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि पंचायत सचिव गांव और शासन के बीच सबसे महत्वपूर्ण सेतु हैं। जन्म से लेकर मृत्यु तक की अनेक शासकीय योजनाएं पंचायत सचिवों के माध्यम से ही आम जनता तक पहुंचती हैं। उन्होंने कोरोना काल में पंचायत सचिवों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियों की भी प्रशंसा की और कहा कि सेवानिवृत्त सचिवों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र पैकरा, जिला अध्यक्ष महेन्द्र साहू, फेडरेसन संयोजक कमल वर्मा, सचिव राजेश चटर्जी, जिला सह-संयोजक विजय लहरे, उपसंचालक आकाश सोनी, पशु विभाग जिला अध्यक्ष सुरेश साहू, पाटन जनपद पंचायत के सीईओ महेन्द्र जांगड़े, धमधा सीईओ किरण कौशिक, ऋचा शर्मा सहित जिलेभर के पंचायत सचिव उपस्थित रहे।