पाटन के युवाओं के लिए रोजगार की नई पहल: जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने रखा नियमित प्लेसमेंट शिविर का प्रस्ताव

पाटन के युवाओं के लिए रोजगार की नई पहल: जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने रखा नियमित प्लेसमेंट शिविर का प्रस्ताव

सामान्य सभा में स्थानीय युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने की भी पहल
पाटन।
जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा में क्षेत्र के विकास के साथ-साथ युवाओं के रोजगार को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद परिसर में नियमित रोजगार एवं प्लेसमेंट शिविर आयोजित करने का अध्यक्षीय प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा। अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि पाटन क्षेत्र के अनेक प्रतिभाशाली युवा रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों का रुख करने को मजबूर हैं। इससे उनका समय और आर्थिक संसाधन दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि रोजगार के अवसर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराए जाएं तो युवाओं को बेहतर भविष्य के साथ क्षेत्र के विकास में भी योगदान देने का अवसर मिलेगा।उन्होंने बताया कि जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के सहयोग से आयोजित किए जाने वाले इन शिविरों में निजी कंपनियों, औद्योगिक संस्थानों और विभिन्न नियोजकों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर एक ही स्थान पर मिल सकें। इसके साथ ही कौशल विकास, स्वरोजगार और विभिन्न शासकीय रोजगार योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

सामान्य सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि बैठक केवल चर्चा का मंच नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन का माध्यम है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों की वर्तमान स्थिति, लंबित समस्याओं, की गई कार्रवाई तथा समयबद्ध कार्ययोजना से सदन को अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि जनता को योजनाओं का परिणाम धरातल पर दिखना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों का असर कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि पाटन की युवा शक्ति क्षेत्र की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे तो वे न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *