“हक और सम्मान की नई उड़ान : पाटन में भूमिहीन मजदूरों को मिला अधिकार का प्रमाण,सैकड़ों भूमिहीन मजदूर हुए लाभान्वित”

पाटन। जनपद पंचायत पाटन का सभागार बुधवार को जनकल्याण और सामाजिक सशक्तिकरण की एक ऐतिहासिक पहल का गवाह बना, जब दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य कार्यक्रम में सैकड़ों पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक रहीं। उनके नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण ने आयोजन को प्रेरणादायक रूप प्रदान किया। अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रमाण पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भूमिहीन मजदूरों के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में सरकार की योजनाएं अब धरातल पर उतरकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “अब कोई भी पात्र हितग्राही वंचित नहीं रहेगा—यह हमारी प्रतिबद्धता है।”

अध्यक्ष नायक ने योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों सुनिश्चित हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, सभापति रवि सिन्हा, जनपद सदस्य संतोषी ठाकुर, कुसुमलता आडील, रेखा जोशी, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, अरविंद जोशी, खिलेश यादव एवं विष्णु निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *