
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या संगीत, लोककला और सांस्कृतिक विरासत के नाम रही। नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मेला मैदान में छत्तीसगढ़ी माटी की सोंधी महक से लेकर बॉलीवुड के सदाबहार नगमों तक सुरों का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। प्रसिद्ध बॉलीवुड पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका उषा बारले की प्रस्तुतियां शाम का प्रमुख आकर्षण रहीं। वहीं शिल्प ग्राम मंच पर पंथी, कथक, आदिवासी लोकनृत्य, जसगीत, सूफी संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के विविध रंग बिखेरे।

अभिजीत के सदाबहार नगमों ने जगाई बॉलीवुड गीतों की यादें
राज्योत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने अपनी सुरीली आवाज से संगीतप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने ‘चांद तारे’, ‘बादशाह ओ बादशाह’, ‘बहुत खूबसूरत हो’ और ‘वादा रहा सनम’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। उनके गीतों में रोमांस, उमंग और बॉलीवुड संगीत के सुनहरे दौर की झलक देखने को मिली।

सुनील सोनी के गीतों में झलकी छत्तीसगढ़ की माटी, मया और महतारी की महिमा

छत्तीसगढ़ी संगीत के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी ने अपने गीतों से दर्शकों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति और भावनाओं से जोड़ दिया। उन्होंने ‘छैंया भुइंया ला छोड़ तैं’ गीत के माध्यम से अपनी माटी के प्रति प्रेम और अपनत्व का भाव प्रस्तुत किया। वहीं ‘झन भूलौ मां-बाप ला’ गीत ने माता-पिता के त्याग, ममता और सम्मान का संदेश दिया। इसके अलावा ‘मीठ-मीठ लागे मया के बानी’ और छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘हांडा’ के लोकप्रिय गीत ‘ए गोरी ओ गोरी’ की प्रस्तुति ने संध्या में प्रेम और उल्लास के रंग घोल दिए।
उषा बारले की पंडवानी में जीवंत हुई लोकगाथाओं की परंपरा
सुप्रसिद्ध लोक कलाकार उषा बारले ने अपनी पंडवानी प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकगाथा शैली की प्रभावशाली झलक प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुति में महाभारत की कथाओं, लोकभावनाओं और पारंपरिक गायन शैली का सुंदर समन्वय देखने को मिला। पंडवानी के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोककथात्मक विरासत को मंच पर जीवंत किया गया।
शिल्प ग्राम मंच पर लोककला से शास्त्रीय नृत्य तक दिखी सांस्कृतिक विविधता
राज्योत्सव के अंतिम दिन शिल्प ग्राम मंच पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। यहां भजन गायन, पंथी नृत्य, लोकमंच, जसगीत-जगराता, आदिवासी लोक संगीत एवं नृत्य, कथक, सूफी संगीत और नाटक सहित कुल 10 प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं का प्रदर्शन किया गया। रायपुर की आस्था भट्ट ने भजन गायन से भक्तिमय वातावरण बनाया। दुर्ग की आरती बारले और रायपुर के दिनेश कुमार जांगड़े के दलों ने पंथी नृत्य प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ की लोकनृत्य परंपरा की झलक दिखाई। कबीरधाम के राकेश सेन के नेतृत्व में लोकमंच की प्रस्तुति हुई, वहीं रायपुर की पूर्णिमा साहू ने जसगीत-जगराता के माध्यम से देवी आराधना और भक्ति परंपरा को स्वर दिया।
अभिषेक सोनकर के दल ने आदिवासी लोक संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई। वहीं दीपाली पाण्डेय के दल ने कथक समूह नृत्य और अनुष्णा रॉय चौधरी ने एकल कथक नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय शास्त्रीय नृत्य की लय, ताल और भाव-भंगिमाओं का मनोहारी प्रदर्शन किया। इसके साथ ही वृधुमन वचस्पति भारती ने सूफी संगीत की प्रस्तुति दी, जबकि आनंदकुमार पाण्डेय के दल ने नाटक के माध्यम से रंगमंचीय कला का प्रदर्शन किया।
इस तरह राज्योत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड संगीत, छत्तीसगढ़ी लोकगीत, पंडवानी, जनजातीय कला और भारतीय शास्त्रीय विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। तीन दिनों तक चले राज्योत्सव के सांस्कृतिक आयोजनों ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को एक व्यापक मंच प्रदान किया।