महादेव घाट पर बनेगा नया फोरलेन ओवरब्रिज, जाम और हादसों से मिलेगी राहत

रायपुर – रायपुर, दुर्ग, भिलाई और पाटन के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। खारून नदी पर महादेव घाट के पास अब एक नया फोरलेन ओवरब्रिज बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर करीब 60 करोड़ रुपए खर्च करेगा। नया ओवरब्रिज पुराने ब्रिज से 2 मीटर ऊंचा होगा और पूरी तरह स्टील से निर्मित किया जाएगा। दोनों ब्रिज के बीच 10 मीटर का फासला रहेगा, जिससे ट्रैफिक संचालन में सहूलियत मिलेगी।

महादेव घाट पर बना वर्तमान ओवरब्रिज काफी पुराना और कम ऊंचाई वाला है, जिसके चलते मानसून के दौरान पानी ऊपर तक आ जाता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ट्रैफिक को कई बार डायवर्ट करना पड़ता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नया ओवरब्रिज बनाने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। अब शासन से मंजूरी मिलते ही पीडब्ल्यूडी ने निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ओवरब्रिज की विशेषताएं:

  • लंबाई: 180 मीटर
  • चौड़ाई: 17 मीटर
  • लेन: दो लेन आने और दो लेन जाने के लिए
  • डिज़ाइन: फुल स्टील स्ट्रक्चर
  • ट्रैफिक क्षमता: अगले 30 वर्षों के ट्रैफिक को ध्यान में रखकर तैयार

ट्रैफिक दबाव का समाधान:
ट्रैफिक विभाग के अनुसार, महादेव घाट पर हर 6 घंटे में 80,000 से अधिक गाड़ियां आना-जाना करती हैं, विशेषकर शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक चरम पर रहता है। नए ओवरब्रिज के निर्माण से पुराने ब्रिज पर दबाव कम होगा और जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। खासतौर पर रायपुर से पाटन की ओर जाने वाले यात्रियों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।

विकास और कॉलोनियों का असर:
महादेव घाट के दोनों ओर तेजी से बढ़ती कॉलोनियों जैसे वुड आयरलैंड, महादेव वाटिका, हर्षित ग्रीन सिटी, ग्रीन अर्थ सोसायटी, शिव पार्क, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी और विप्र नगर के कारण आबादी कई गुना बढ़ चुकी है। इस वजह से ट्रैफिक लोड भी बढ़ा है और नया ब्रिज इस जरूरत को पूरा करेगा।

निर्माण की स्थिति:
पीडब्ल्यूडी ने जिओ टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन और मिट्टी परीक्षण का काम पूरा कर लिया है। ड्राइंग और डिज़ाइन भी तैयार हो चुकी है। अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे पूरा होने में करीब दो साल लगने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *