राज्य में योग एवं स्वास्थ्य संवर्धन को नई गति : छत्तीसगढ़ योग आयोग के स्थापना दिवस पर कई महत्वपूर्ण पहलें, एमओयू और अभियान का शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित विमतारा हॉल, शांति नगर में आयोग के अध्यक्ष रुपनारायण सिन्हा के नेतृत्व में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संत-महात्माओं के सानिध्य एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से राज्य में योग, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में समन्वित प्रयासों को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरविन्द मुनी राष्ट्र संत जैन आचार्य गुरू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वामी परमात्मानंद गिरि सहित अनेक संत, आध्यात्मिक गुरु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। अतिथियों का पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मां सरस्वती एवं भारत माता के पूजन के साथ दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर संत-महात्माओं ने योग, आध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिए।
स्थापना दिवस के अवसर पर योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योग साधकों—डॉ. भगवंत सिंह, डॉ. मृत्युंजय राठौर, डॉ. सी.एल. सोनवानी, योगीराज साहू, डॉ. ज्योति साहू, डॉ. मोनिका पाठक सहित अन्य को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए “स्टॉप डायबिटीज” प्रोजेक्ट के अंतर्गत पंचकर्म, आयुर्वेद एवं योग आधारित निःशुल्क चिकित्सा सुविधा हेतु संस्थागत सहयोग (एमओयू) किया गया। साथ ही राज्य में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बीएड विद्यार्थियों के योग प्रशिक्षण के लिए Shri Rawatpura Sarkar University एवं Dawra University के साथ शैक्षणिक समझौते किए गए।

आयोग के अध्यक्ष श्री सिन्हा द्वारा बस्तर संभाग के 1300 छात्रावासों में योगाभ्यास को बढ़ावा देने हेतु प्रतियोगिता कैलेंडर का विमोचन किया गया तथा राज्य एवं जिला स्तर के समन्वयकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त, Gayatri Parivar के सहयोग से राज्यव्यापी नशामुक्ति एवं व्यसन उन्मूलन अभियान का शुभारंभ भी किया गया, जो सामाजिक स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम में टंकराम वर्मा (मंत्री, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन), पुरंदर मिश्रा (विधायक), लोकेश कावड़िया, ध्रुव कुमार मिर्धा, लखन धीवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आयोग के अधिकारी-कर्मचारी, योग साधक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *