नए साल में रेलवे का नया टाइम टेबल लागू, CG से गुजरने वाली 63 ट्रेनों की बदली समय-सारिणी

रायपुर, 1 जनवरी 2026। नए वर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों के लिए नई समय-सारिणी लागू कर दी है। 1 जनवरी 2026 से बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली कुल 63 एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन समय में आंशिक बदलाव किया गया है। इस बदलाव के तहत ट्रेनों की औसत रफ्तार बढ़ाई गई है, जिससे यात्रियों का समय बचेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, संशोधित समय-सारिणी में 55 एक्सप्रेस और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में 5 मिनट से लेकर 25 मिनट तक का परिवर्तन किया गया है। हालांकि यह बदलाव सभी स्टेशनों पर नहीं, बल्कि कुछ चयनित स्टेशनों पर ही लागू होगा, जबकि अन्य स्टेशनों पर समय पूर्ववत रहेगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने बताया कि हर वर्ष रेलखंडों पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य किए जाते हैं, जिनमें नई रेल लाइन बिछाना, दोहरीकरण, सिग्नल सिस्टम का आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म विस्तार और यार्ड रिमॉडलिंग जैसे कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से ट्रेनों की परिचालन क्षमता और गति में सुधार होता है, जिसके अनुरूप समय-सारिणी में संशोधन किया जाता है। रेलवे के मुताबिक नई समय-सारिणी से कई सेक्शनों में मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के कुल यात्रा समय में 10 से 25 मिनट तक की बचत होगी, वहीं पैसेंजर ट्रेनों के समय में भी 5 से 20 मिनट तक की कमी संभावित है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले नई समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। यात्री अपने संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र, अधिकृत वेबसाइट अथवा हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेनों के अद्यतन समय की जानकारी ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *