धमतरी वायरल वीडियो केस में नया मोड़: युवक ने बदला बयान, कहा- पुलिस से हुई थी बहस, मारपीट नहीं

धमतरी वायरल वीडियो केस में नया मोड़: युवक ने बदला बयान, कहा- पुलिस से हुई थी बहस, मारपीट नहीं

सोशल मीडिया पर वायरल आरोपों के बीच युवक का नया वीडियो आया सामने, जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार
धमतरी। धमतरी के चर्चित पुलिस-युवक विवाद मामले में नया ट्विस्ट सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों के बीच अब संबंधित युवक ने नया वीडियो जारी कर अपने पुराने आरोपों से अलग बयान दिया है। युवक ने कहा है कि पुलिसकर्मियों के साथ उसकी बहस और कहासुनी जरूर हुई थी, लेकिन उसके साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, 4 और 5 जून की दरमियानी रात मुजगहन बाईपास चौक पर वाहन जांच के दौरान युवक और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद युवक ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगाए थे। मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे थे। हालांकि अब युवक द्वारा जारी ताजा वीडियो में उसने स्पष्ट किया है कि घटना के दौरान केवल बहस हुई थी। उसने कहा कि उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं हुई और लोगों से अपील की कि मामले से जुड़े भ्रामक वीडियो और अपुष्ट जानकारियां आगे साझा न करें। युवक ने यह भी कहा कि वह किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहता और मामले को अनावश्यक रूप से बढ़ाना उचित नहीं है।

इधर, विवाद सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने भी शुरू से ही मारपीट के आरोपों को खारिज किया था। पुलिस का कहना था कि वाहन जांच के दौरान केवल विवाद और बहस हुई थी, जबकि कुछ वीडियो क्लिप्स को संदर्भ से हटाकर वायरल किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा तीन डीएसपी की जांच समिति गठित की गई थी। समिति पूरे घटनाक्रम, वायरल वीडियो और संबंधित पक्षों के बयानों की जांच कर रही है। अब युवक के नए बयान के बाद जांच का दायरा और महत्वपूर्ण हो गया है।
सोशल मीडिया पर चल रहे आरोप-प्रत्यारोप और वीडियो ट्रायल के बीच युवक के बदले हुए बयान ने मामले की दिशा बदल दी है। फिलहाल सभी की नजरें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *