इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत: शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार दुल्हन, रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत

इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत: शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार दुल्हन, रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत

प्रेमी के साथ रहने को लेकर हुआ विवाद, बचाने की कोशिश में युवती भी ट्रेन की चपेट में आई; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

बालोद। जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ ससुराल से फरार हो गई। दोनों के बीच साथ रहने को लेकर हुए विवाद का अंत रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसे के रूप में हुआ, जिसमें प्रेमी की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई,घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम दैहान स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास की है। शनिवार तड़के करीब तीन बजे डायल-112 को एक युवती ने फोन कर सूचना दी कि वह रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में पड़ी है और उसके साथ मौजूद युवक की मौत हो चुकी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने डौंडीलोहारा क्षेत्र के ग्राम भीमपुरी निवासी 28 वर्षीय मिथलेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय मोनिका खरे को प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कांकेर जिले के ग्राम कोरतरा निवासी मोनिका खरे का विवाह 22 अप्रैल 2026 को बालोद जिले के ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे के साथ हुआ था। शादी के करीब 45 दिन बाद वह अपने पुराने प्रेमी मिथलेश ठाकुर के साथ घर छोड़कर चली गई। बताया जा रहा है कि मोनिका और मिथलेश की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। विवाह के बाद भी दोनों संपर्क में थे।

पुलिस के अनुसार घटना वाली रात दोनों बाइक से दैहान गांव के पास रेलवे ट्रैक पहुंचे थे। वहां दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और बहस होती रही। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मिथलेश, मोनिका पर उसके साथ विवाह कर जीवन बिताने का दबाव बना रहा था। युवती ने उसे समझाने का प्रयास किया और रेलवे ट्रैक से दूर भी ले गई, लेकिन कुछ देर बाद मिथलेश दोबारा पटरी पर जाकर बैठ गया। इसी दौरान ट्रेन वहां पहुंच गई। मोनिका लगातार उसे हटने के लिए कहती रही, लेकिन वह नहीं माना।

जब ट्रेन नजदीक पहुंची तो मोनिका ने मिथलेश को पटरी से खींचकर बचाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मिथलेश के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद घायल मोनिका ने किसी तरह डायल-112 पर फोन कर मदद मांगी। पुलिस टीम के पहुंचने तक वह बेहोश हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रेम प्रसंग, विवाह के बाद की परिस्थितियों और रेलवे ट्रैक पर हुई घटनाओं के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *