भिलाई में ‘संडे साइकिलिंग’ कार्यक्रम का आयोजन — सांसद विजय बघेल ने वितरित किए 50 साइकिलिंग हेलमेट, कहा– “सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों जरूरी”

भिलाई में ‘संडे साइकिलिंग’ कार्यक्रम का  आयोजन — सांसद विजय बघेल ने वितरित किए 50 साइकिलिंग हेलमेट, कहा– “सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों जरूरी”

भिलाई ।भिलाई के सिविक सेंटर स्थित ओ.ए. बिल्डिंग परिसर में रविवार को बीएसपी साइकिलिंग क्लब एवं साइकिलिंग क्लब एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संडे साइकिलिंग एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नरेंद्र बंछोर, परमजीत जी, अंकुर मिश्रा, सुधीर बंसल, देव प्रकाश, कल्पना स्वामी, प्रवीण जी और शशि पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम डायरेक्टर नितिन सूपे ने किया, जबकि आयोजन की रूपरेखा क्लब अध्यक्ष संदीप अग्रवाल और सचिव निकेत मेहरा के नेतृत्व में बनी।


जरूरतमंद स्कूली बच्चों को 50 हेलमेट वितरित
क्लब अध्यक्ष चेनवर जी ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत उन जरूरतमंद स्कूली बच्चों को 50 साइकिलिंग हेलमेट वितरित किए गए, जो प्रतिदिन साइकिल से स्कूल जाते हैं लेकिन हेलमेट न होने के कारण किसी भी साइक्लिंग इवेंट में भाग नहीं ले पाते थे। हेलमेट का वितरण सांसद विजय बघेल के करकमलों से किया गया।


सांसद विजय बघेल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा जरूरतमंद बच्चों की सुरक्षा और प्रोत्साहन हेतु ऐसे आयोजन अत्यंत सराहनीय हैं। साइक्लिंग को समर्पित चेनवर जी जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि रोटरी क्लब के सहयोग से अब तक 42,000 वृक्षारोपण का कार्य पूरा किया गया है, जिसमें पर्यावरण प्रेमी बालुराम वर्मा का योगदान उल्लेखनीय रहा है।


खेल और फिटनेस को मिलेगा बढ़ावा
सांसद ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत उनकी लोकसभा ने पूरे देश में रजिस्ट्रेशन में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने घोषणा की कि 25 दिसंबर, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 1 लाख टी-शर्ट वितरित की जाएंगी। कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थी, साइकिलिस्ट और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। उत्साह और सहभागिता से भरे इस आयोजन ने न केवल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *