“जीत में इतराना नहीं, हार में उठ जाना ही जीवन का खेल” — दुर्गा महाविद्यालय के खेलकूद समारोह में बोले योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा

रायपुर। दुर्गा महाविद्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित वार्षिक खेलकूद पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के माननीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रूपनारायण सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री सिन्हा द्वारा अष्ट सिद्धि नवनिधि के दाता भगवान हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन से हुआ। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ की राजकीय गीत “अरपा पैरी की धार” का गायन किया गया। मुख्य अतिथि का औपचारिक स्वागत प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार एवं उप प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र अग्रवाल द्वारा शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर किया गया। स्वागत क्रम में छात्र परिषद प्रभारी डॉ. अजय शर्मा, क्रीड़ा अधिकारी श्री प्यारेलाल साहू एवं डॉ. अमन झा ने भी अतिथि सत्कार किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विजेता छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि रूपनारायण सिन्हा ने अपने संबोधन में दुर्गा महाविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था एवं व्यक्तित्व निर्माण की प्रशंसा की। उन्होंने युवाओं को मातृभूमि के महत्व को सर्वोपरि बताते हुए राष्ट्रीय पर्वों को भी पूरे उत्साह से मनाने का आह्वान किया। जीवन को खेल से जोड़ते हुए उन्होंने कहा— “खेल में जीत मिले तो इतराना नहीं और हार मिले तो गिरकर उठ जाना ही सच्ची खेल भावना है।” कार्यक्रम के दौरान क्रीड़ा समिति अध्यक्ष डॉ. सुभाष चन्द्राकर ने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यों की सराहना की और विद्यार्थियों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।

इस अवसर पर वर्ष 2024 एवं 2025 में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 25 छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, ट्रैक सूट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही 02 एवं 03 फरवरी 2026 को आयोजित इंडोर एवं आउटडोर प्रतियोगिताओं में विजयी महाविद्यालय परिवार के सदस्यों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा अधिकारी प्यारेलाल साहू द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *