मेट्रो सिटी की तर्ज पर अब घर-घर पाइपलाइन गैस, सीएम विष्णु देव साय ने किया सिटी गैस परियोजना का शुभारंभ

रायपुर।छत्तीसगढ़ में अब मेट्रो शहरों की तरह पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने की सुविधा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ करते हुए इसे “हरित छत्तीसगढ़ और स्मार्ट छत्तीसगढ़” की दिशा में बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में इस सुविधा के लाभों की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इन वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। सिटी गैस परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का मजबूत संकल्प है।उन्होंने बताया कि डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से अब घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधे पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे गैस सिलेंडर रिफिलिंग की झंझट से मुक्ति मिलेगी, सुरक्षा बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को सस्ती एवं सुलभ ऊर्जा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनजी के उपयोग से वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और ईंधन खर्च में भी राहत मिलेगी। उन्होंने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए अपेक्षा जताई कि वे रायपुर सहित बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक भी विश्वस्तरीय सुविधाएं पहुंचाई जाएं, ताकि प्रदेशवासियों को मेट्रो शहरों जैसी सुविधाओं का अनुभव हो सके। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वच्छ ईंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने और हरित, विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *