
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता में अतिक्रमण हटाने और संभावित विस्थापन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि ग्राम तूता में फिलहाल किसी भी प्रकार की विस्थापन कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है। प्राधिकरण के अनुसार अभी केवल प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित पक्षों को नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। एनआरडीए ने बताया कि ग्राम तूता में अतिक्रमण संबंधी शिकायतें मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं और पूरी प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत संचालित की जा रही है।
प्राधिकरण के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 को ग्राम प्रतिनिधियों और समाज के पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से मुलाकात कर मामले पर चर्चा की। बैठक में यह सहमति बनी कि सभी पक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित कर आम सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों और लोकहित दोनों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकाला जा सके। एनआरडीए ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से भी समय-समय पर गांव के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन प्राप्त होते रहे हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर प्राथमिक स्तर पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी भी व्यक्ति को विस्थापित करना नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर सार्वजनिक हित और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। आगे की किसी भी कार्रवाई से पहले सभी पक्षों के हितों और संवेदनशीलता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।