
रायपुर। राजधानी रायपुर के राधास्वामी नगर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान कार्य के दौरान दोनों युवक हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान आशीष चंद्राकर (20 वर्ष) और प्रमोद चंद्राकर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दुर्ग जिले के औंधी गांव के निवासी थे और काम के सिलसिले में रायपुर आए हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। वहीं घटना ने सोलर पैनल स्थापना जैसे कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।