जामगांव आर। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम जामगांव आर स्थित माँ कल्याणी शीतला मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 96 आस्था की ज्योतियाँ विधि-विधान से प्रज्वलित की गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ग्रामवासियों की मान्यता है कि नवरात्रि के दौरान माँ कल्याणी शीतला मंदिर में ज्योति प्रज्वलित करने से सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माँ के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की।
नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन संध्या समय सेवा मंडलियों द्वारा माता रानी के भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। भक्ति गीतों से मंदिर परिसर गूंजायमान हो रहा है और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर माता की आराधना में लीन हैं।