दीपोत्सव पर कर्मचारी संगठन नवागांव बी ने प्रतिभाओं और समाजसेवियों का किया सम्मान, अग्निवीर चयनित युवाओं के परिवार भी हुए सम्मानित

भाई दूज पर प्रतिभावान विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं बीएसपी कर्मचारी का किया अभिनंदन, जसगीत गायन ने बांधा समां

जामगांव आर। दीपोत्सव पर्व के पावन अवसर पर भाई दूज के दिन ग्राम नवागांव बी में कर्मचारी संगठन द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में ग्राम की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ वरिष्ठजनों एवं समाज के लिए योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया गया। इस दौरान प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं बीएसपी कर्मचारी तथा अग्निवीर में चयनित युवाओं के परिवारजनों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच कविता साहू, उपसरपंच छगन साहू, ग्राम प्रमुख महेश साहू एवं ग्राम कोटवार भुवन कामड़े उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए सरपंच कविता साहू ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कर्मचारी संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान और वरिष्ठजनों का अभिनंदन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

दीपोत्सव की खुशियों को सांस्कृतिक रंग देने के लिए रात्रि में जसगीत गायन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम संचालन विनय साहू ने किया। वहीं कर्मचारी संगठन के संयोजक हेमलाल साहू ने अतिथियों, सम्मानितजनों एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कर्मचारी संगठन नवागांव बी का यह आयोजन दीपोत्सव की खुशियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ ग्राम की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, वरिष्ठजनों के सम्मान और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *