पाटन। परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के तत्वावधान में 8 जनवरी 2026 को अरसनारा परिक्षेत्र के ग्राम देमार में राजिम जयंती महोत्सव के अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट प्रदान किया जाएगा।
परिक्षेत्रीय अध्यक्ष किशन हिरवानी ने बताया कि राजिम जयंती महोत्सव के तहत आयोजित स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रक्तदान जैसे पुनीत कार्य को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को सेवा और सुरक्षा दोनों का संदेश देते हैं। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं एवं रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दें। क्षेत्र में पहली बार भक्तिन माता राजिम की जयंती महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर सामाजिक जनों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे विशाल कलश शोभायात्रा के साथ होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथियों का आगमन, सामाजिक संदेश एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।