जामगांव आर। ग्राम बेल्हारी में सद्गुरु कबीर आश्रम समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में मंगलवार से तीन दिवसीय सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस आश्रम संस्थापक संत सत्यकर साहेब ने सत्संग हेतु पधारे सभी संत–महात्माओं का स्वागत किया। इस अवसर पर साध्वी सरसप्रभा ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्संग समारोह में सद्गुरु कबीर साहेब के ज्ञान, विवेक, सत्य एवं मानव कल्याण से जुड़े विचारों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया जाएगा। संतवाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन में “सत्यम्, शिवम्, सुंदरम्” के भाव को आत्मसात करने का संदेश दिया जाएगा। सत्संग समारोह में श्री रामेश्वर साहेब (कबीर आश्रम धमतरी), श्री पुराण साहेब (कबीर आश्रम चोरभट्टी), श्री किशन साहेब (कबीर आश्रम अम्बाला), श्री रविकर साहेब (कबीर आश्रम धमतरी), श्री देवेंद्र साहेब (कबीर आश्रम करहीभदर), श्री दिनेंद्र साहेब (कबीर आश्रम दुबचेरा), श्री अविनाश साहेब (कबीर आश्रम चरोटा), श्री सुयश साहेब एवं श्री शीलकरन साहेब (कबीर आश्रम गुरूर) सहित ब्रह्मचारी कल्याण राम (भिलाई नगर) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष रुपनारायण सिन्हा विशेष रूप से शामिल हुए एवं संतों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि साधु–संत भारतीय समाज की आत्मा हैं, जिन्होंने मानवता, सत्य, अहिंसा, करुणा और भाईचारे का संदेश देकर समाज को सदैव सही दिशा प्रदान की है। आश्रम व्यवस्था भारतीय संस्कृति की महान परंपरा रही है, जो शिक्षा, संस्कार, सेवा एवं समाज सुधार का केंद्र रही है और आज भी सामाजिक चेतना का कार्य कर रही है। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, योगिराज साहू,रामसिंह बंसोड, मनीष चंद्राकर,हलधर महमल्ला, भेन चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।