सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाना पड़ा भारी : चाकू-तलवार लेकर रील बनाने वालों को थाने बुलाकर करवाई उठक-बैठक, कई गिरफ्तार

रायपुर/बिलासपुर/दुर्ग/रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर खुद को ‘डॉन’, ‘शूटर’ और ‘माफिया’ बताने वाले युवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम-फेसबुक पर हथियारों के साथ फोटो डालने वालों को थानों में बुलाकर न सिर्फ कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई गई, बल्कि उनकी माफी का वीडियो भी उसी प्रोफाइल पर अपलोड करवाया गया। यह अभियान राज्य के कई शहरों—बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़ और रायपुर में एक साथ चलाया जा रहा है।

बिलासपुर: SHOOTER लिखे पोस्टर के साथ फोटो डाली, थाने बुलाकर माफी मंगवाई

बिलासपुर पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने कई इंस्टाग्राम प्रोफाइल की पहचान की, जिन पर हथियारों के साथ धमकी भरे पोस्ट किए जा रहे थे। ‘माफिया राज’, ‘हैबीचुअल ऑफेंडर’, ‘नाम बदनाम’ जैसी ID से समाज में दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने इन्हें पकड़कर थाने में माफी मंगवाई और वीडियो उन्हीं के सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करवाया।

दुर्ग: तलवार-चाकू के साथ फोटो डालने वाले 6 युवक गिरफ्तार

दुर्ग में तीन नाबालिगों समेत छह युवकों ने तलवार और चाकुओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया में डाली थीं। SSP विजय अग्रवाल के निर्देश पर सभी को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

रायगढ़: रील बनाने थाना पहुंच गए, थाने के बाहर उठक-बैठक करवाई गई

रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दो युवक तलवार लेकर रील बनाने के लिए खुद थाने पहुंच गए। जब वीडियो वायरल हुआ, तो पुलिस ने उन्हें बुलाकर समझाइश दी और कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई गई। दोनों ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए वीडियो डाला और अपनी पोस्ट डिलीट की।

रायपुर: SSP ने पहले ही दी थी चेतावनी, स्पेशल टीम कर रही निगरानी

राजधानी रायपुर में SSP लाल उमेद सिंह ने कुछ माह पहले सभी बदमाशों को गंज थाना बुलाकर चेतावनी दी थी कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ पोस्ट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एंटी क्राइम यूनिट की स्पेशल टीम लगातार सोशल मीडिया की निगरानी कर रही है।


सोशल मीडिया पर स्टाइल में ‘डॉनगिरी’ दिखाना बन सकता है अपराध

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हथियारों के साथ चाहे नकली ही क्यों न हो, रील बनाना या पोस्ट करना भी अपराध की श्रेणी में आता है। युवाओं को इस तरह की गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे उनका करियर, समाज में छवि और कानून के तहत भविष्य, तीनों खतरे में पड़ सकते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *