
जामगांव आर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा मंडल जामगांव आर द्वारा भनसूली विश्राम गृह में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपाइयों ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने राजनीति में विचार, सिद्धांत और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन और व्यक्तित्व कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
छत्तीसगढ़ मछुवा कल्याण बोर्ड के सदस्य नेतराम निषाद ने कहा कि अटल जी ने देश को विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व की नई दिशा दी। उनकी दूरदर्शी सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण को देश हमेशा याद रखेगा। सामाजिक कार्यकर्ता मनीष चंद्राकर ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति से कहीं बड़ा था। वे एक प्रखर राष्ट्रवादी, संवेदनशील जननेता और ओजस्वी वक्ता थे। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री पुनेन्द्र सिन्हा, भाजयुमो अध्यक्ष लुभम बंछोर, अरुण चंद्राकर, शैलेंद्री मंडावी, नंदिनी साहू, लोकेश साहू, प्रवीण वर्मा, दीपक साहू, महेश साहू, परमेश्वर चक्रधारी, अंगेश्वर साहू, सुरेश साहू, सोहन साहू, विजय साहू, कमलनारायण साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।