एसडीओपी अनूप लकड़ा को सम्मानपूर्वक विदाई, पुरानी यादें ताजा कर हुए भावुक; नये एसडीओपी प्रांशु तिवारी का स्वागत

एसडीओपी अनूप लकड़ा को सम्मानपूर्वक विदाई, पुरानी यादें ताजा कर हुए भावुक; नये एसडीओपी प्रांशु तिवारी का स्वागत

पाटन। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अनूप लकड़ा के दुर्ग स्थानांतरण के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में लकड़ा ने पाटन अनुविभाग में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, नवनियुक्त एसडीओपी प्रांशु तिवारी का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। गौरतलब है कि अनूप लकड़ा ने जनवरी 2025 में पाटन एसडीओपी के रूप में पदभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल को क्षेत्र की जनता और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी सराहा।

स्थानांतरण के बाद श्री लकड़ा ने दुर्ग में साइबर क्राइम थाना प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। विदाई समारोह के दौरान उन्होंने पाटन में बिताए कार्यकाल की पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि जब वे पहली बार पाटन आए थे, तब क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिस स्टाफ और आमजन के सहयोग से इन चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने अपने कार्यकाल को यादगार बताया। पुरानी यादों को साझा करते हुए वे भावुक भी हो गए। नवनियुक्त एसडीओपी प्रांशु तिवारी ने कहा कि अनूप लकड़ा के कार्यकाल में पाटन अनुविभाग में बेहतर कार्य हुआ है। उनके द्वारा स्थापित व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है। आम जनता को पुलिस से जोड़कर विश्वास का वातावरण बनाना और पुलिस की जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करना उनकी प्राथमिकता होगी।

विदाई समारोह में नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष निक्की योगेश भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, वरिष्ठ नागरिक मेहतर वर्मा, पाटन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा, अमलेश्वर थाना प्रभारी बसंत बघेल, उतई थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, जामगांव थाना प्रभारी तारिक खान, रानीतराई थाना प्रभारी हूब चंद्राकर सहित एसडीओपी कार्यालय के कर्मचारी चंद्रभान बर्रै, उत्तम देशमुख, सुरेंद्र साहू, नीरज लिंबू, रामेश्वर साहू, घणाराम निषाद समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *