
मुख्य सड़क चौड़ीकरण, सामुदायिक भवन, नाली-कलवर्ट और सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्यों की रखी आधारशिला, बोले— हर वार्ड को बनाएंगे आदर्श
रिसाली/दुर्ग। सावन माह के पहले सोमवार के पावन अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने रिसाली नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 प्रगति नगर में 15 करोड़ 76 लाख 65 हजार रुपये की लागत से होने वाले 12 विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और रिसाली को आधुनिक, सुंदर एवं सुविधायुक्त शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
भूमिपूजन के बाद विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि रिसाली क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और शहर सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।न्होंने कहा कि विकास किसी व्यक्ति या दल विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए होता है। जनता की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जा रही है। जलभराव की समस्या से राहत, बेहतर आवागमन और सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे।
भूमिपूजित कार्यों में मैत्रीकुंज से मधुरिशा फेज-03, आजाद चौक से आत्मानंद स्कूल होते हुए कृष्णा टॉकीज रोड तथा श्रीराम चौक से बालाजी अपार्टमेंट तक मुख्य सड़क का विकास एवं चौड़ीकरण, विभिन्न वार्डों में सड़क मरम्मत एवं पेंच रिपेयरिंग, दो सामुदायिक भवनों का निर्माण, प्रगति नगर में ड्रेन एवं कलवर्ट निर्माण, सीसी सड़क निर्माण तथा दीप वैली अपार्टमेंट मुख्य मार्ग का सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में रिसाली भाजपा मंडल अध्यक्ष एकनाथ अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, मंडल महामंत्री दशरथ साहू एवं गुड्डू झा, मंडल उपाध्यक्ष सचिन गोस्वामी, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, धर्मेन्द्र भगत, मनीष यादव, पार्षद जाहिर अब्बास, सविता धवस, शीला नारखडे, ममता सिन्हा, गजेंद्री कोठारी, किसान मोर्चा मंडल महामंत्री राजेन्द्र यादव, आईटी सेल सह-संयोजक डॉ. अनुपमा गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।