विश्व मैत्री दिवस पर भिलाई में जैन समाज का सामूहिक क्षमावाणी पर्व, उपवासकर्ताओं व प्रतिभाओं का सम्मान करते सांसद बघेल बोले-“क्षमा पर्व हमें क्षमा करने और क्षमा मांगने का संदेश देता है”

भिलाई। विश्व मैत्री दिवस के अवसर पर जैन समाज भिलाई द्वारा सामूहिक क्षमावाणी पर्व का भव्य आयोजन जैन भवन सेक्टर-6 में किया गया। इस अवसर पर नेहरू नगर, सुपेला, वैशाली नगर, रामनगर और खुर्सीपार टाउनशिप क्षेत्र से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित हुए। कार्यक्रम में दिगंबर, श्वेतांबर और स्थानकवासी जैन समाज की तीनों इकाइयों के प्रतिनिधियों ने मिलकर सामूहिक क्षमा याचना की।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दुर्ग सांसद विजय बघेल ने समाजजनों को क्षमावाणी का पाठ कराया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा –
“क्षमावाणी पर्व हमें क्षमा करने और क्षमा मांगने का संदेश देता है। जैन धर्म महान समाज है, जिसके मुनि कठिन तप और साधना कर हमें यह सीख देते हैं कि जीवन में धैर्य और संयम से ही महान अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।” सांसद बघेल ने आगे कहा कि जैन मुनियों का तप और उपवास हमें दूसरों के दर्द को समझने और पीड़ा बांटने की प्रेरणा देता है। यह पर्व समाज में समरसता, सद्भावना और भाईचारा बनाए रखने का प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में दस दिनों तक उपवास रखने वाले उपवासकर्ताओं का विशेष सम्मान किया गया। साथ ही शिक्षा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। स्व. सुरेंद्र कुमार जैन की स्मृति में छात्र-छात्राओं संदीप कोचर, नेहा कोचर, आयुष जैन, काशिष जैन को सम्मानित किया गया। वहीं आचार्य विद्यासागर जी का जीवंत तैलचित्र बनाने वाली बालिका को भी विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष मुकेश जैन, संजय चतुर जैन, प्रदीप जैन, प्रशांत जैन, खुशालचंद जैन, कमलचंद जैन, पूर्व प्रिंसिपल जिनेंद्र कुमार जैन, अशोक पहाड़िया, सुनील जैन, विनोद जैन, संदीप जैन, भागचंद जैन, डॉ. सुधीर गैंग, ज्ञानचंद जैन, अवधेश जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे। महिला क्लब की अध्यक्ष श्रीमती चेलना जैन, ममता जैन, अर्चना जैन, वैशाली जैन, अनीता जैन व अन्य महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *