YC न्यूज़ डेस्क — रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी भी जारी है। 7 मई को पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के बाद भी सैन्य कार्रवाई को रोका नहीं गया है। दिल्ली के पार्लियामेंट एनेक्सी में आयोजित सर्वदलीय बैठक में रक्षा मंत्री ने यह जानकारी साझा की। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया को बताया कि ऑपरेशन की प्रक्रिया अब भी चालू है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की आशंका–
बैठक में मौजूद सूत्रों के मुताबिक, अब तक ऑपरेशन सिंदूर के तहत 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया गया है, हालांकि सही आंकड़ा अभी साझा नहीं किया गया क्योंकि अभियान अभी पूरा नहीं हुआ है। यह भी कहा गया कि अगर पाकिस्तान की ओर से कोई और उकसावे की कार्रवाई हुई, तो भारत और कड़ा जवाब देगा।
सर्वदलीय समर्थन, विपक्ष सरकार के साथ–
इस उच्चस्तरीय बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और अन्य प्रमुख विपक्षी नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और खड़गे ने एक सुर में कहा, “ऐसे समय में हम सरकार के साथ हैं। देश की सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं। सरकार को हमारा पूरा समर्थन है।”
ओवैसी की मांग: TRF के खिलाफ वैश्विक अभियान–
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की और आतंकवादी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के खिलाफ वैश्विक स्तर पर अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा, “हमारे सशस्त्र बलों का यह साहसिक कदम सराहनीय है। हमें आतंक के खिलाफ एकजुट होकर वैश्विक मोर्चा बनाना चाहिए।”
क्या है ऑपरेशन सिंदूर ?
‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की ओर से आतंकवाद के खिलाफ एक निर्णायक सैन्य कार्रवाई है, जो 7 मई की एयर स्ट्राइक के साथ शुरू हुआ था। यह ऑपरेशन खास तौर पर सीमा पार आतंकी कैंपों को खत्म करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भारत की अगली रणनीतिक चाल क्या होगी और क्या यह ऑपरेशन और व्यापक रूप ले सकता है।