बटरेल में समाधान शिविर सम्पन्न : 5477 में से 5461 आवेदनों का हुआ निराकरण,सांसद बघेल ने जल संरक्षण पर दिया जोर, कहा– “बूंद-बूंद बचाबो पानी”

जामगांव आर । सुशासन तिहार 2025 के तीसरे चरण के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत पाटन के ग्राम बटरेल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें सांसद विजय बघेल (लोकसभा दुर्ग), पूर्व विधायक दया राम साहू, जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू, नीलम चन्द्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, सभापति रवि सिन्हा, पूर्व मण्डल अध्यक्ष लालेश्वर साहू, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश चन्द्राकर, जनपद सदस्य अजय साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू और सरपंच येमन आठे प्रमुख रहे।

शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में ग्राम आगेसरा, अरमरीखुर्द, बटरेल, बेल्हारी, बोरवाय, धमना, गातापार, खोला, किकिरमेटा, नवागांव और सुरपा से आए ग्रामीणों ने कुल 5477 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें 5338 मांग पत्र और 139 शिकायतें सम्मिलित थीं। विभागीय समन्वय और तत्परता से 5323 मांगों और 138 शिकायतों का समाधान किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृति पत्र, जॉब कार्ड, राशन कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, स्वामित्व पट्टे, पेंशन पत्र, ट्राई साइकिल और गर्भवती माताओं को पोषण किट का वितरण किया गया।

◆ ग्रामीणों ने की समाधान शिविर की सराहना, की प्रक्रिया में तीव्रता की मांग

शिविर में शामिल कई ग्रामीणों ने शासन की इस पहल को सराहा, लेकिन यह भी सुझाव दिया कि भविष्य के शिविरों में केवल आवेदन एकत्र करने तक सीमित न रहकर, समाधान प्रक्रिया को और तेज किया जाए ताकि वास्तविक लाभ शीघ्र पहुंचे।

◆ जल संकट का स्थायी हल है वर्षा जल संचयन” – सांसद विजय बघेल

सांसद विजय बघेल ने “बूंद-बूंद बचाबो पानी” महाअभियान के अंतर्गत जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए नागरिकों से रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “आज जल की प्रत्येक बूंद कीमती है और हमें इसे बचाने की सामूहिक जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद रही है, जो देश में अपनी तरह का पहला प्रयास है। साथ ही, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है, जो देश की सबसे बड़ी महिला हितैषी योजना है। शिविर को पूर्व विधायक डॉ दयाराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *