पाटन । सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार में आने के बाद यादव समाज की लगातार उपेक्षा की जा रही है। पाटन प्रवास के दौरान वे लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं यादव समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया।
रमेश यदु ने कहा कि प्रदेश में लगभग 35 लाख यादव मतदाता हैं, जिनकी भावनाओं को भाजपा ने सत्ता में आते ही पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने चुनाव में समर्थन लेने के लिए यादव समाज को केवल इस्तेमाल किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद समाज को हाशिए पर डाल दिया।”
“कहीं नहीं यादवों की भागीदारी”
प्रदेश अध्यक्ष यदु ने बताया कि कैबिनेट, आयोग, निगम, मंडल और भाजपा संगठन तक में यादव समाज की कोई भागीदारी नहीं है। “यह न केवल अपमानजनक है, बल्कि समाज के भीतर गहरी नाराजगी भी उत्पन्न कर रहा है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वनांचल क्षेत्रों में निवासरत पिछड़े वर्ग को वन अधिकार पट्टा नहीं मिल पाया है और डेयरी उद्योग में भी यादव समाज को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है।
“खूबचंद स्वास्थ्य योजना का नाम बदलना दुर्भाग्यपूर्ण”
रमेश यदु ने भाजपा सरकार द्वारा “डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना” का नाम बदलने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे सिर्फ यादव समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज का अपमान बताया और कहा कि “डॉ. बघेल छत्तीसगढ़ के निर्माता थे, उनके नाम से शुरू हुई योजना का नाम बदलकर भाजपा ने असंवेदनशीलता का परिचय दिया है।”