3100 रुपये क्विंटल में धान खरीदी, 360 नए केंद्र और किसानों को अतिरिक्त आदान सहायता…भाजपा नेता जितेन्द्र वर्मा बोले- अन्नदाताओं की समृद्धि साय सरकार का संकल्प

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत को भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने किसानों के सम्मान, विश्वास और आर्थिक समृद्धि का नया अध्याय बताया है। उन्होंने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन भाजपा सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा कर उनकी खुशहाली के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि किसान केवल धान का उत्पादन नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश का भविष्य संवारने के साथ पूरे देश का पेट भरता है। किसानों की मेहनत का उचित मूल्य दिलाना और उनके परिवार की खुशहाली सुनिश्चित करना सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए प्रदेश सरकार इस वर्ष 27 लाख 50 हजार से अधिक किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी करेगी। यह निर्णय किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ी, प्रक्रिया होगी आसान

वर्मा ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू होने से अब कुल 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। एग्रीस्टेक आईडी वाले पिछले वर्ष के पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, समितियों में ऋण पुस्तिका लाने की अनिवार्यता भी समाप्त कर दी गई है। सभी केंद्रों पर ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, पारदर्शी खरीदी और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

कृषक उन्नति योजना से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल

भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि कृषक उन्नति योजना के माध्यम से सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। यदि किसी किसान के खेत में 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान का उत्पादन नहीं होता है, तब भी समर्थन मूल्य एवं निर्धारित प्रोत्साहन राशि के अंतर की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता देने का निर्णय भी लिया गया है। इससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा और उनकी आय को मजबूती मिलेगी। जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के लिए किसान केवल योजनाओं के लाभार्थी नहीं, बल्कि प्रदेश की समृद्धि के आधार स्तंभ हैं। मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारते हुए सरकार किसानों की मेहनत को सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि में बदलने का काम कर रही है। धान का कटोरा छत्तीसगढ़ अपने अन्नदाताओं की खुशहाली के नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *