ग्राम मोहंदी (नारधा) में कार्तिक पूर्णिमा पर सजेगा ‘संत बाबा श्री रुक्खड़नाथ महोत्सव’, महायज्ञ व महाभंडारे का होगा आयोजन,मानव सेवा सम्मान से विभूषित होंगी विभूतियां

दुर्ग। ब्रह्मलीन संत श्री राजन महाराज जी के सूक्ष्म सानिध्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को भव्य ‘संत बाबा श्री रुक्खड़नाथ महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह पुनीत आयोजन दुर्ग जिले के ग्राम-मोहदी (नारधा) में संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में गुरुकुल आश्रम आमसेना, नवापारा (उड़िसा) के स्वामी श्री धर्मानन्द सरस्वती जी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभ्युदय संस्थान, अछोटी के डॉ. संकेत ठाकुर जी करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर की समाज सेविका श्रीमती शीला देवी खन्ना जी एवं ग्राम-सुरडुंग के समाज सेवक दाऊ श्री सीता राम वर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

दिनभर चलेंगे धार्मिक और सामाजिक अनुष्ठान

आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, महोत्सव की शुरुआत सुबह 9 बजे से 11 बजे तक ‘देवी मां मंगल महायज्ञ’ के साथ होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बाबा श्री के निमित्त महाभंडारा एवं महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक ‘श्री रुक्खड़नाथ मानव सेवा सम्मान व पुरस्कार’ समारोह का आयोजन होगा, जिसके साथ ही उपस्थित अतिथियों के उद्बोधन भी होंगे। इस आयोजन को सफल बनाने में सच्चिदानन्द शर्मा, सुर्यकांत शर्मा, सोहन वर्मा (सुरडुंग), असवन्त साहू, छबी साहू, परसराम, जितेन्द्र साहू, कृष्णा साहू, वीरेन्द्र विश्वकर्मा, परमेश्वर चौहान (ओखरा), श्री ऋषि साहू, श्री पवन यादव सहित ग्राम मोहदी, नारधा और सुरडुंग के समस्त ग्रामवासी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *