
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार एवं पद्म विभूषण सम्मानित तीजन बाई की तबीयत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें गंभीर स्वास्थ्य स्थिति में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर लाया गया, जहां उनका इलाज मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (MICU) में जारी है। एम्स रायपुर द्वारा जारी मीडिया बुलेटिन के अनुसार, मरीज की प्रारंभिक जांच ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में डॉ. नमन द्वारा की गई। इसके बाद उन्हें जनरल मेडिसिन विभाग में डॉ. पी. एन. वासनिक के निर्देशन में भर्ती किया गया।
वर्तमान में तीजन बाई का उपचार बहु-विषयक विशेषज्ञ टीम की निगरानी में किया जा रहा है। इस टीम में डॉ. प्रणिता (मेडिसिन), डॉ. रंगनाथ (पल्मोनरी मेडिसिन) और डॉ. नीलम (नेफ्रोलॉजी) शामिल हैं। वहीं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. डी. के. त्रिपाठी भी उपचार एवं निगरानी में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। एम्स प्रबंधन ने बताया कि मरीज की लगातार निगरानी की जा रही है और स्थापित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल ने कहा कि संस्थान मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा एवं क्रिटिकल केयर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।