जामगांव-आर में शासकीय भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर पंचायत ने लिखा पत्र, कार्रवाई की मांग

जामगांव-आर में शासकीय भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर पंचायत ने लिखा पत्र, कार्रवाई की मांग

बस स्टैंड से तालाब और सड़क किनारे तक कब्जों का आरोप, श्मशान भूमि पर निजी सड़क निर्माण का भी मामला उठाया
जामगांव-आर । ग्राम पंचायत जामगांव-आर ने क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। सरपंच रूपेंद्र शुक्ला ने नायब तहसीलदार को पत्र लिखकर शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। सरपंच श्री शुक्ला के मुताबिक पंचायत चुनाव 2025 के दौरान आचार संहिता का लाभ उठाकर कुछ लोगों द्वारा बस स्टैंड से लेकर रनचिरई रोड तालाब तक तथा बोरवाय रोड के किनारे स्थित शासकीय भूमि पर मकान और दुकानों के रूप में अतिक्रमण किया गया है। पंचायत का कहना है कि इन कब्जों के कारण सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

पत्र में यह भी बताया गया है कि श्मशान घाट की भूमि पर भी अतिक्रमण किया जा रहा है। पंचायत के अनुसार एक व्यक्ति द्वारा निजी सड़क का निर्माण कर श्मशान भूमि का उपयोग किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्राम पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि पर किए गए सभी अतिक्रमणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कब्जे हटाए जाएं। सरपंच रूपेंद्र शुक्ला का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना जनहित और ग्राम विकास के लिए आवश्यक है। अब देखना होगा कि पंचायत की शिकायत पर राजस्व विभाग क्या कदम उठाता है और कथित अतिक्रमण के मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई कब तक शुरू होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *