
मोबाइल चोरी के शक में ट्रेन से धक्का देने का मामला; घायल युवक की तलाश जारी, कानून हाथ में लेने पर केस दर्ज
रायपुर। राजधानी रायपुर में चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी के संदेह में एक युवक को लात मारकर ट्रेन से नीचे गिराने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने कानून अपने हाथ में लेने वाले यात्री आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 जुलाई को उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशन के बीच आजाद हिंद एक्सप्रेस में हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया गया था। इसी दौरान एक यात्री ने कथित तौर पर उसे लात मार दी, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो के आधार पर आरोपी यात्री आर. सुरेश कुमार की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, ट्रेन से गिरने वाला युवक घायल हुआ था, लेकिन घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक वास्तव में मोबाइल चोरी की घटना में शामिल था या नहीं। जीआरपी ने कहा है कि किसी भी आरोपी को दंडित करने का अधिकार केवल कानून और पुलिस को है। किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून अपने हाथ में लेना अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस ने आरोपी आर. सुरेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।