
पाटन। पाटन विधानसभा के पांचों मंडलों की भाजपा महिला पदाधिकारियों एवं महिला कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा स्तरीय भव्य सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों सहित ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं बहनों ने सहभागिता निभाई।
सावन की हरियाली और खुशनुमा वातावरण के बीच महिलाओं के लिए रस्साकशी, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और सावन महोत्सव का आनंद उठाया। रिमझिम फुहारों, हंसी-खुशी और खेलकूद से आयोजन स्थल का माहौल उत्सवमय बना रहा। इस अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि सावन महोत्सव केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि महिला शक्ति के बीच आपसी स्नेह, एकजुटता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सुंदर माध्यम है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और संगठनात्मक भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला शक्ति संगठन को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पाटन विधानसभा के पांचों मंडलों की महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता नारी शक्ति की एकजुटता और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाती है। श्रीमती नायक ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं उपस्थित मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “सावन की हरियाली, नारी शक्ति की खुशहाली और संगठन की शक्ति—महिला शक्ति” का संदेश समाज में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उत्साह का संचार करता है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यद्वय नीलम चंद्राकर, कल्पना साहू, दिव्या कलिहारी, चन्द्रिका साहू सहित अन्य उपस्थित रहे।