
पाटन। विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाटन डालेंद्र कुमार देवांगन ने 21 अगस्त को शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति तथा विद्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर उनके सीखने के स्तर और बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ वार्तालाप किया। बीईओ ने बच्चों से धारा प्रवाह पठन, पहाड़ा सहित अन्य बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों की सहभागिता एवं सीखने का स्तर संतोषजनक पाया गया। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन एवं अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया।
नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी पर विशेष जोर
बीईओ देवांगन ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के संबंध में शिक्षकों से विशेष जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास कराने तथा परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने एवं बच्चों के सीखने के स्तर को निरंतर मजबूत करने पर आवश्यक सुझाव दिए।
जनसहयोग से विकसित हुआ शिक्षण-अनुकूल वातावरण
विद्यालय के प्रधानपाठक बीआर निषाद ने बताया कि सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनसहयोग से विद्यालय में आकर्षक वॉल पेंटिंग कराई गई है। वहीं पालकों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अतिथि शिक्षिका की व्यवस्था भी की गई है। बीईओ देवांगन ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे विद्यालय के विकास में जनभागीदारी का सराहनीय उदाहरण बताया। उन्होंने विद्यालय में बनाए गए आकर्षक एवं शिक्षण-अनुकूल वातावरण तथा व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान प्रधानपाठक बीआर निषाद, सहायक शिक्षक राघवेंद्र ध्रुव एवं अतिथि शिक्षिका टिकेश्वरी साहू उपस्थित रहे।