गौठान में गौमाता पूजन, गेड़ी चढ़ाई, गोला फेंक और वृक्षारोपण के साथ मनाया गया छत्तीसगढ़ का पहला तिहार, परंपरा और संस्कृति का जीवंत उत्सव
पाटन। छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा और हरियाली को समर्पित हरेली तिहार का उल्लास पाटन नगर पंचायत में विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 15 अटारी स्थित गौठान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ त्योहार की गरिमा को निभाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गौमाता पूजन से हुई, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों ने गौ माता और कृषि औजारों की पूजा कर प्रदेश की कृषि संस्कृति को नमन किया। गौमाता को लोंदी खिलाकर उनकी आरोग्यता की कामना की गई। इसके बाद पारंपरिक गेड़ी चढ़ाई, गोला फेंक प्रतियोगिता और वृक्षारोपण जैसे आयोजन कर लोगों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस मौके पर अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने नगरवासियों को हरेली तिहार की बधाई देते हुए कहा —
“हरेली तिहार हमारी मिट्टी, खेती, संस्कृति और परंपरा का पर्व है। यह त्यौहार हमें प्रकृति, पशुधन और परिश्रम के प्रति सम्मान की भावना सिखाता है। हम सब मिलकर हरियाली और संस्कृति को आगे बढ़ाएं।”
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रानी बंछोर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा योगेश सोनी, सभापति केवल देवांगन, जितेन्द्र निर्मलकर, नेहा बाबा वर्मा, देवेंद्र ठाकुर, पार्षद चंद्रप्रकाश देवांगन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमन्त वर्मा, इंजीनियर अर्जुन निर्मल, योगेश सोनी, केशव बंछोर, प्रकाश बिजौरा, मिलन देवांगन, रेणुका बिजौरा, विजय वर्मा समेत अनेक पार्षद, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।