मुकेश सेन /पाटन। लगातार सामने आ रहे ठगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में पाटन अनुविभाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पाटन थाना क्षेत्र में नकली सोने की पत्तियां गिरवी रखकर 19 लाख 32 हजार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पहले असली सोना रखकर जीता भरोसा, फिर नकली पत्तियां रखकर ऐंठे 19.32 लाख
पाटन नगर के पुराना बाजार चौक स्थित लक्ष्मी ज्वेलरी शॉप के संचालक आनंद सोनी के अनुसार, आरोपियों ने पहले दुकान में असली सोना गिरवी रखकर विश्वास कायम किया। इसके बाद इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने नकली सोने की पत्तियां गिरवी रखकर अलग-अलग समय में कुल 19 लाख 32 हजार रुपये ले लिए। तय समय सीमा में जब आरोपियों ने रकम वापस नहीं की तो ज्वेलरी संचालक को संदेह हुआ। इसके बाद गिरवी रखे गए सोने की जांच कराई गई, जिसमें वह नकली पाया गया। मामले की जानकारी पाटन थाना पुलिस को दी गई और शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए राजस्थान तक कार्रवाई पहुंचाई और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पाटन लाया गया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
रानीतराई में सोने का बिस्किट दिलाने के नाम पर ठगी
वहीं दूसरा मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का है। ग्राम रंगकठेरा निवासी समीर साहू ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें सोने का बिस्किट दिलाने के नाम पर अपने झांसे में लिया और उनके साथ ठगी की। ठगी का एहसास होने के बाद प्रार्थी ने रानीतराई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाटन अनुविभागीय पुलिस अधिकारी प्रांशु तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया और उसे पाटन लाया गया।
दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पाटन अनुविभाग अंतर्गत ठगी के दोनों अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा इनके द्वारा अन्य स्थानों पर की गई ठगी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय इस गिरोह के नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य वारदातों की भी जांच की जा रही है