
लगातार बारिश और खारून नदी के उफान से प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
पाटन। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और खारून नदी के उफान से उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति के बीच पाटन के एसडीएम उत्तम ध्रुव लगातार मैदान में सक्रिय नजर आ रहे हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने वाले एसडीएम ध्रुव ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने किकीरमेटा, शुक्लाडीह, रीवागहन, ओदरागहन, निपानी, चूलगहन और बोरिद सहित कई गांवों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए, जरूरतमंद परिवारों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचे तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे। एसडीएम उत्तम ध्रुव ने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।