पीएम आवास योजना को नई गति: सांसद बघेल और विधायक चंद्राकर ने दुर्ग के कातरो से जिले।में‘आवास प्लस टू’ सर्वे का शुभारंभ कर जरूरत मन्दों को दिखाई नई राह…

दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक वंचित रह गए पात्र परिवारों को भी पक्के आवास का लाभ मिलेगा। दुर्ग जिले के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कातरो में “आवास प्लस टू” सर्वे अभियान का औपचारिक शुभारंभ सांसद विजय बघेल ने एक संक्षिप्त समारोह में किया। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

★ पहले की सरकार ने इसमें रुचि नही ली,लेकिन हमारी प्राथमिकता में है – विजय बघेल

सांसद बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हर व्यक्ति के सिर पर पक्की छत हो। अब 2011 के सर्वे तक सीमित पात्रता को हटाकर नए पात्रों को भी शामिल किया जा रहा है। पहले की सरकार ने इस योजना में रुचि नहीं ली और प्रदेश के लाखों जरूरतमंदों को इससे वंचित रखा लेकिन अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह अभियान प्राथमिकता से चलाया जा रहा है।

अब गांव-गांव में सर्वे टीम पहुंचकर पात्र हितग्राहियों का नाम सूची में जोड़ रही है। साथ ही इच्छुक व्यक्ति “आवास प्लस टू” ऐप के माध्यम से स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं। ग्राम कातरो में चार पात्र हितग्राहियों का चयन कर ऐप पर उनका फॉर्म डाउनलोड किया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। विधायक ललित चंद्राकर ने ग्रामीणों से इस अवसर का लाभ उठाने और सर्वे टीम से संपर्क करने की अपील की।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे, जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *