ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद पर वैश्विक समर्थन के मिशन से लौटे सांसदों से मिले पीएम मोदी, डिनर पर साझा किए अनुभव

YC न्यूज़ डेस्क । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख को वैश्विक मंचों पर रखने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से अपने आवास पर मुलाकात की। इस अनौपचारिक बैठक में डिनर और संवाद का आयोजन हुआ, जहां पीएम ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से उनकी विदेश यात्रा के अनुभव सुने।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल 59 सदस्यों ने 33 देशों का दौरा किया था। इनमें 51 सांसद और 8 राजनयिक थे। डेलिगेशन का नेतृत्व 7 सांसदों ने किया—भाजपा के रविशंकर प्रसाद और बैजयंत पांडा, जदयू के संजय कुमार झा, DMK की कनिमोझी करुणानिधि, एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले, कांग्रेस के शशि थरूर और शिवसेना (शिंदे गुट) के श्रीकांत शिंदे।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बताया, “प्रधानमंत्री ने सभी प्रतिनिधिमंडलों के साथ एक घंटे से अधिक समय बिताया। यह कोई औपचारिक बैठक नहीं थी, बल्कि एक खुला और सौहार्दपूर्ण संवाद था। हमने यात्रा से जुड़े अनुभव साझा किए, लेकिन कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। समय आने पर इसके असर देखने को मिलेंगे।”

ऑपरेशन सिंदूर पर दुनिया को दिए 5 संदेश
डेलिगेशन के सदस्यों ने अपने-अपने मेजबान देशों को भारत का यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया:

  1. आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस: ऑपरेशन सिंदूर भारत की टारगेटेड और संयमित सैन्य प्रतिक्रिया का उदाहरण है, जिसमें आतंकियों को ही निशाना बनाया गया।
  2. पाकिस्तान आतंक का संरक्षक: प्रतिनिधिमंडल के पास TRF की संलिप्तता के ठोस प्रमाण थे, जो उन्होंने साझा किए।
  3. भारत का जिम्मेदार रुख: भारत ने सैन्य कार्रवाई में संयम बरतते हुए निर्दोष नागरिकों को हानि न पहुंचे, इसका ध्यान रखा।
  4. आतंक के खिलाफ वैश्विक एकजुटता की अपील: देशों से आग्रह किया गया कि वे आतंक के खिलाफ खुले समर्थन में आएं।
  5. पाकिस्तान को लेकर नई नीति: भारत अब सिर्फ प्रतिक्रिया नहीं देगा, बल्कि आतंकी गतिविधियों को पहले ही निष्क्रिय करने की रणनीति अपनाएगा।

AIMIM प्रमुख ओवैसी बैठक में नहीं हुए शामिल
सांसद असदुद्दीन ओवैसी प्रतिनिधिमंडल की बैठक में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने जानकारी दी कि वे मेडिकल इमरजेंसी के कारण दुबई में हैं।

डेलिगेशन की वापसी
प्रतिनिधिमंडल का अंतिम समूह, जिसमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर शामिल थे, अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील और कोलंबिया का दौरा कर मंगलवार को भारत लौटा। उन्होंने बताया कि वहां के नेताओं ने भारत के दृष्टिकोण को गंभीरता से सुना और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर सांसदों ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है। पीएम ने एक-एक ग्रुप से व्यक्तिगत रूप से बात की और सबका आभार जताया। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें पीएम मोदी सभी नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *