बिलासपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को सोमवार को ‘मद्रास टाइगर्स फॉर अजमल कसाब’ नामक संगठन की ओर से बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हाईकोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया और बम स्क्वॉड के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया। धमकी भरा ईमेल ‘अब्दुल’ नामक व्यक्ति की ईमेल आईडी (abdia@outlook.com) से भेजा गया है। मेल में लिखा गया था कि हाईकोर्ट परिसर में अमोनियम सल्फर आधारित IED लगाए गए हैं और इसे एक “पवित्र मिशन” बताया गया। ईमेल में 26/11 हमले के दोषी अजमल कसाब को फांसी देने और कुछ अन्य घटनाओं का हवाला देते हुए इसे एक बदले की कार्रवाई बताया गया है।
घटना के समय हाईकोर्ट में गर्मी की छुट्टियों के बाद कामकाज फिर से शुरू हुआ था। कोर्ट परिसर में जज, वकील और पक्षकार मौजूद थे। दोपहर में धमकी भरा मेल आते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स के साथ मौके पर पहुंचा और तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
चकरभाठा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और ईमेल की तकनीकी जांच के साथ साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मेल में जिस संगठन का नाम लिखा गया है, उसकी पुष्टि और पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। दो महीने पहले कवर्धा कलेक्टर कार्यालय को RDX से उड़ाने की धमकी दी गई थी, वहीं आठ महीने पहले बिलासपुर से दिल्ली जा रही एक फ्लाइट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। हाईकोर्ट की सुरक्षा को भी और अधिक मजबूत किया जा रहा है।