पीएम मोदी ने देशभर के 9.7 करोड़ किसानों को भेजी पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किश्त, छत्तीसगढ़ के 25 लाख किसानों को मिले ₹553 करोड़

रायपुर। सावन के पावन माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से आयोजित वर्चुअल किसान सम्मेलन के माध्यम से देशभर के 9.7 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त के रूप में ₹20,500 करोड़ की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जारी की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर के महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के सभागार से वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े और प्रदेश के लगभग 25 लाख किसानों को ₹553.34 करोड़ की किश्त सीधे खाते में मिलने की जानकारी दी।

पीएम मोदी बोले – “किसान सम्मान निधि, किसान समृद्धि की मजबूत नींव”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि वर्ष 2019 से अब तक इस योजना के अंतर्गत किसानों को 3.75 लाख करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना’, ‘फसल बीमा योजना’ और ‘लखपति दीदी अभियान’ जैसे कई प्रयास ग्रामीण भारत को आर्थिक सशक्तिकरण की ओर ले जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी शुभकामनाएं और जताया आभार

मुख्यमंत्री ने श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री मोदी का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह योजना अन्नदाताओं को सशक्त करने वाला क्रांतिकारी कदम है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल तय कर किसानों की आय को मजबूत किया है। साथ ही, 3716 करोड़ रुपये की बकाया बोनस राशि भी सरकार गठन के 10 दिनों के भीतर जारी की गई।

मुख्यमंत्री ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), दुधारू पशु वितरण योजना, मिलेट्स उत्पादन, और बोधघाट सिंचाई परियोजना जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया जो किसानों की समग्र समृद्धि के लिए संचालित हो रहे हैं।

केंद्रीय व राज्य मंत्रियों के वक्तव्य

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम ने भी किसानों को संबोधित किया और बताया कि कैसे खेती-किसानी को लाभकारी एवं वैज्ञानिक रूप देने की दिशा में योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत 1 लाख से अधिक किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सम्मान व सहभागिता

इस अवसर पर लाभार्थी किसानों को कृषि उपकरणों, योजनाओं के चेक और अनुदान राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, गुरु खुशवंत साहेब, इंद्रकुमार साहू, संभागायुक्त महादेव कावरे, बीज निगम प्रबंध संचालक अजय अग्रवाल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल तथा बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *