CG बोर्ड रिजल्ट से पहले पुलिस का एक्शन मोड : पेपर लीक आरोपी वेणु जंघेल पर इनाम घोषित

रायपुर, 29 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी होने से ठीक पहले पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। रायपुर पुलिस ने इस मामले के फरार आरोपी वेणु जंघेल पर 5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 130/2026 से जुड़ा है, जिसमें आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ परीक्षा अधिनियम की धाराओं 4, 5 और 10 के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 14 मार्च 2026 को सामने आए इस पेपर लीक कांड ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी वेणु जंघेल (18) बेमेतरा जिले के बोरतरा गांव का निवासी है और रायपुर के अशोक नगर, गुढ़ियारी इलाके में रह रहा था। घटना के बाद से ही वह फरार है और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है, जिससे उसकी गिरफ्तारी में दिक्कतें आ रही हैं। सेंट्रल जोन की डिप्टी पुलिस कमिश्नर अर्चना झा ने पुलिस रेग्युलेशन के तहत इनाम की घोषणा की है। आदेश में कहा गया है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है और उसके खुले में रहने से समाज के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बोर्ड परीक्षा के नतीजों से पहले इस कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है। पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *