दुर्ग में बाइकर्स पर पुलिस का शिकंजा: 122 वाहन चालकों के चालान, स्टंटबाजी करने वाले 13 पर केस दर्ज

दुर्ग–भिलाई। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक–चौराहों और संवेदनशील इलाकों में थाना पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात रहीं। अभियान के तहत दुर्ग शहर के 14 अलग-अलग स्थानों पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 122 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य नियमों के उल्लंघन पर चालान काटे।
स्टंटबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई
जांच के दौरान तेज गति से वाहन चलाने, सड़क पर लहराकर स्टंट करने और नंबर प्लेट ढंककर वाहन की पहचान छिपाने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष सख्ती बरती गई। ऐसे 13 स्टंटबाज बाइकर्स के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनके वाहन मौके पर ही जब्त कर लिए।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्टंट करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है। इनमें मोहन नगर थाना क्षेत्र से 6, भिलाई नगर से 5 तथा सुपेला और नेवई थाना क्षेत्र से 1-1 दोपहिया वाहन चालक शामिल हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर स्टंटबाजी या लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *