रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की होनहार थाई बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रियंका साहू ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। गोवा में आयोजित तृतीय वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रियंका ने म्यूजिकल एकल इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। खास बात यह रही कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रियंका छत्तीसगढ़ की ओर से हिस्सा लेने वाली एकमात्र खिलाड़ी थीं।
13 से 15 नवंबर तक गोवा के मापुसा स्थित पीडिम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बॉक्सिंग हॉल में आयोजित इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन (टीआईएफ) ने वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया। प्रतियोगिता के दौरान पदक वितरण फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सुमनाक्षर और महासचिव रविंदर सिंह ने किया।
40 किलो वर्ग में प्रतिद्वंद्वी नहीं मिलने पर मुकाबला रद्द
प्रतियोगिता के दौरान प्रियंका को अपने निर्धारित माइनस 40 किलोग्राम वजन वर्ग में कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं मिला। विदेशी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के चलते विभिन्न राज्यों के भारतीय खिलाड़ियों के बीच मुकाबले आयोजित किए गए थे। कुछ वजन वर्गों में भी बदलाव किया गया था। ऐसे में आयोजकों की ओर से प्रियंका को उनके निर्धारित वजन से 10 किलोग्राम अधिक वाले वर्ग में खेलने का प्रस्ताव दिया गया।
हालांकि, प्रियंका ने अधिक वजन वर्ग में मुकाबला करने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद उन्होंने म्यूजिकल एकल इवेंट में अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को मिली पहचान
प्रियंका साहू की इस उपलब्धि से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। प्रदेश की एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर गोल्ड मेडल जीतना उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस सफलता को छत्तीसगढ़ में थाई बॉक्सिंग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।